अखंड भारत के शिल्पकार डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर नमन बांकुड़ा में दिखा भारी उत्साह

बांकुड़ा। राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रतीक, महान शिक्षाविद् और प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पूरे बांकुड़ा जिले में अत्यंत गरिमा, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर मुख्य समारोह 'बांकुड़ा पुलिस लाइंस' में आयोजित किया गया, जबकि जिला पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आने वाले विभिन्न थानों में भी कई गरिमामयी और जागरूकता कार्यक्रमों की धूम रही।पुलिस अधिकारियों ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि | पुलिस लाइंस में आयोजित मुख्य समारोह में बांकुड़ा के पुलिस अधीक्षक (SP) वी.जी. सतीश पसुमर्थी (IPS) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कृशानु रॉय (WBPS) विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह का माहौल बेहद गौरवपूर्ण और आदर से भरा था। सभी वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस जवानों ने देश के इस महान सपूत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए एसपी वी.जी. सतीश पसुमार्थी ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र-निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, "डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विलक्षण बुद्धि, दूरदर्शी सोच और देश की संप्रभुता के लिए उनका अटूट संकल्प आज भी करोड़ों भारतीयों को प्रेरित करता है। उनका जीवन एक ऐसा प्रकाश स्तंभ है, जो हमें हर परिस्थिति में देश को सर्वोपरि रखने की सीख देता है।" एसपी ने बल देते हुए कहा कि आज के समय में हर नागरिक और विशेषकर सुरक्षा बलों को उनके देशभक्ति,एकता और निस्वार्थ सेवा के मूल्यों को अपने दैनिक कर्तव्यों में शामिल करना चाहिए। यह आयोजन केवल पुलिस कार्यालयों तक ही सीमित नहीं रहा,बल्कि इसका रंग जमीनी स्तर पर भी देखने को मिला। जिले के विभिन्न पुलिस थानों की अगुवाई में भव्य जागरूकता रैलियां और देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में खाकी वर्दी के साथ-साथ स्थानीय जनता, युवाओं और स्कूली बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैलियों के जरिए समाज में आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। समारोह का समापन बेहद गौरवमयी क्षणों के साथ हुआ, जहाँ उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों, जवानों और आम नागरिकों ने देश व समाज के प्रति पूरी ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ काम करने का सामूहिक संकल्प लिया। सभी ने एक सुर में प्रण लिया कि इस महान राजनेता की विरासत को अक्षुण्ण रखते हुए वे देश सेवा के मार्ग पर सदैव तत्पर रहेंगे।

Click Here to Visit
What's Your Reaction?